सलूंबर जिले में पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई पहली बार सेमारी पुलिस थाने पहुंचे। इस दौरान पुलिस जवानों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एसपी ने जवानों से परिचय प्राप्त करते हुए उनके हालचाल जाने और थाने की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एसपी विश्नोई ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे बिना किसी डर के ईमानदारी और निष्ठा से अपने कर्तव्यों का पालन करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विभाग हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है। साथ ही बेहतर पुलिसिंग और आमजन के साथ संवेदनशील एवं जिम्मेदार व्यवहार अपनाने पर विशेष जोर दिया।
इसके पश्चात एसपी ने थाने के मालखाने सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला, डीएसपी चांदमल सिंघारिया तथा थानाधिकारी गोपाल कृष्ण भी उपस्थित रहे।

Post a Comment